Wednesday, September 30, 2026

समझौते की भाषा नहीं पढ़ सके वीसीपी चौधरी

सन 84 के दिनों में मेरे बड़े भाई विचार जगत की दो पत्रिका नियमित रूप से पढ़ा करते थे। अंग्रेजी की पत्रिका 'मेनस्ट्रीम' और हिन्दी की 'विचार बोध'। विचार बोध में यदा कदा वे लिखा भी करते। पहली पत्रिका के बारे में बौद्धिक जगत को बताने की जरुरत नहीं जबकि दूसरी पत्रिका अल्पज्ञात है। जहाँ तक मुझे स्मरण है, 'विचार बोध' पत्रिका पटना के लंगरटोली से प्रकाशित हुआ करती। संपादक और प्रकाशक विजय चन्द्र प्रसाद चौधरी के बड़े भाई कृष्ण चंद्र चौधरी थे। संक्षेप में उन्हें वी सी पी कहा जाता। आधुनिक भारतीय इतिहास में उनकी विशेषज्ञता थी। 

तब मैं भी 'विचार बोध' पढ़ा करता था लेकिन वी सी पी के बारे में जानता कुछ न था। इसी काल में उनकी एक संपादित किताब हाथ लगी। नाम था 'भारतीय इतिहास लेखन : एक अंतरराष्ट्रीय विवाद'। कहने की जरुरत नहीं कि यह विवाद रामशरण शर्मा की किताब 'प्राचीन भारत' को प्रतिबंधित किये जाने से पैदा हुआ था। वी सी पी की उक्त किताब इसी परिघटना का अनिवार्य नतीजा थी। इस किताब में इतिहास के बीसियों विद्वान के लेख छपे थे। इस किताब को पढ़कर मुझे न सिर्फ इतिहास का महत्त्व समझ में आया बल्कि यह भी कि इतिहास लेखन के क्षेत्र में कौन-कौन से विद्वान सक्रिय हैं और उनका स्टैंड क्या है। आप कह ले सकते हैं कि 'अंतरराष्ट्रीय विवाद' की इस किताब को पढ़कर मैं असमय ही 'विवादी' हो चला था। खुद वी सी पी की छवि एक 'विवादी इतिहासकार' की बन चुकी थी। मैं उन्हें एक 'एक्टिविस्ट इतिहासकार' कहना पसंद करता हूँ। और बात है कि कभी-कभी उनका 'एक्टिविज्म' उनके अंदर के इतिहासकार को भी कमतर साबित कर डालता था। एक्टिविज्म के अपने खतरे होते हैं। ये खतरे उन्हें भी उठाने पड़े। लेकिन उस आदमी ने मिजाज कुछ ऐसा पाया था कि खतरों से भी संजीवनी बटोर लेता था। मुझे याद है कि एम ए में दाखिले के बाद मैं विजय कुमार ठाकुर से मिलने गया था। यह बताने के प्रयोजन से कि अगर आप स्वीकारें तो मैं हिस्ट्रियोग्राफी पढ़ना चाहूंगा। उन्होंने पूछा कि हिस्ट्रियोग्राफी में कुछ पढ़ा भी है? मैंने कहा कि ई एच कार की 'व्हाट इज हिस्ट्री', वी सी पी चौधरी की 'भारतीय इतिहास लेखन : एक अंतरराष्ट्रीय विवाद' आदि किताबों के साथ इतिहास पुस्तकों की प्रस्तावना, भूमिका भी पढ़ चुका हूं। वे कुछ खास बोले तो नहीं लेकिन मुझे लगा कि शायद कुछ अवांछित कहा जा चुका है। इस बात का स्पष्टीकरण तब हुआ जब एक बार एक व्याख्यान के लिए मैंने वी सी पी के नाम का प्रस्ताव किया। इतिहास विभाग में मैं और अशोक कुमार ने 'इतिहास विचार मंच' का गठन किया था। उस मंच की ओर से हम व्याख्यान के निमित्त इतिहास के विद्वानों को बुलाया करते। इसी क्रम में एक बार मैंने वी सी पी चौधरी को बुलाने की बात कही तो वे बोले, 'उनके नाम पर बहुत विवाद होगा'। तत्काल तो मैं बात समझने में असमर्थ रहा किन्तु बाद में अन्य स्रोतों से पता चला कि दरअसल चौधरी जी ने श्री ठाकुर के पिता उपेंद्र ठाकुर पर किताब की चोरी का मुकदमा कर रखा है। यह था चौधरी जी का एक्टिविज्म, जो समझौते की भाषा न पढ़ सका।

'एक देहाती की विदेश-यात्रा'

85-86 में मेरे बड़े भाई वीसीपी चौधरी के पास ज्यादा जाने लगे। वे उन दिनों 'सोशियो-इकनॉमिक आस्पेक्ट्स ऑफ कम्युनल रायट्स इन बिहार' (1890-...) विषय पर शोधरत थे। वीसीपी चौधरी से उन्हें आवश्यक खुराक मिल जाया करती थी। चौधरी जी के यहां बुद्धिजीवियों का दरवार लगा करता था। तरह-तरह के बुद्धिजीवी उसमें भाग लेते और भूमिका अदा करते। विजय ठाकुर से पहले केवल उन्हीं के घर विद्वानों का जमघट लगता। ठाकुर जी ने, बहुत संभव है, दरवार की संस्कृति वहीं से सीखी हो।

भाई समय-समय पर वीसीपी की लिखी किताबें भी लाया करते। 'क्रिएशन ऑफ मॉडर्न बिहार' तथा 'इम्पीरिअल हनीमून विद इंडियन अरिस्टोक्रेसी' के साथ उन्होंने एक और किताब लायी थी। इस किताब का नाम आचार्य शिवपूजन सहाय जी की पुस्तक 'देहाती दुनिया' की ध्वनि से मिलता-जुलता था। नाम था 'एक देहाती की विदेश यात्रा'। दरअसल इसमें चौधरी जी की इंग्लैंड-यात्रा की कहानी है। जैसाकि उस समय रिवाज था, एक आम भारतीय का पहनावा धोती-कुरता ही हुआ करता था। किन्तु मित्रों की राय हुई कि इंग्लैंड में यह परिधान नहीं चलता। वीसीपी चौधरी भी कोई गांधी तो थे नहीं कि जिद कर बैठते। इसलिए उन्होंने कोट-पैंट सिलने के लिए दिया। जब सिलकर तैयार हुआ तो मित्रों के समक्ष उसकी फिटिंग चेक की गई। दर्जी की कई बार की कोशिश के बाद भी जब कोट चौधरी जी पर फिट नहीं बैठ पाया तो उन्होंने अपने दिल को समझाना ही श्रेयस्कर समझा। मान चुके थे कि सारा दोष उनके शरीर का है। 'आलू की बोरी' को भला कोई ड्रेस कैसे फिट हो सकता है!

'एक देहाती की विदेश यात्रा' में चौधरी जी ने अंग्रेजों का कुछ दिलचस्प हाल लिखा है। 'ब्रिटिश जेंटलमैन' की अवधारणा सिर्फ भाषा तक महदूद नहीं है। वे बगैर ड्रेस के घर से बाहर नहीं निकल सकते। चौधरी जी ने तो यहां तक लिखा है कि अगर किसी अंग्रेज के मकान में आग लग जाय तो भी वे बगैर ड्रेस के बाहर न निकलें। पता नहीं इस बात में कितनी सच्चाई है। अपने यहां तो ड्रेस को 'विलासिता' समझा जाता रहा है। मैंने अपने बचपन में देखा है कि लोग कुरता को पहनते नहीं थे कंधा पर रख छोड़ते थे। इसी तरह वे अपने रिश्तेदार के यहां से भी हो आते। कोई-कोई आदमी अगर ज्यादा सभ्य हुआ तो रिश्तेदार के गांव पहुंचने से पहले धोती-कुरता पहन लेते। लौटती बेर फिर वहीं खोल भी लेते। अपने यहां गांधी अकेले नहीं हैं जो 'अर्धनग्न' रहते। रामकृष्ण परमहंस, विवेकानंद, दयानंद सरस्वती, सहजानंद सरस्वती और चंद्रशेखर आजाद से लेकर सूर्यकांत त्रिपाठी निराला तक की अर्धनग्न तस्वीरें आपको मिल जाएंगी। पूरे कपड़ों में मुझे अबतक एक ही भारतीय मिला। ओमप्रकाश पांडेय। मित्र हैं। जब भी उनके घर जाना हुआ वे पैंट-शर्ट के ऊपर टाई बांधे मिले। लगा जैसे मैं अभी न आता तो कविमित्र कहीं चल दिये होते। लेकिन घर से बाहर शायद ही निकलते। एक लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह के बारे में बचपन में सुनता था कि अंग्रेज महल पर हमला कर चुके थे और उन्हें नौकर का इंतजार था कि वह आये तो जूते पहनाये। उनकी यह 'विलासिता' हमारी स्मृति में अपराधी के रूप में दर्ज है।

अलबत्ता चौधरी जी ने अंग्रेजों के भोजन-प्रेम के बारे में नहीं लिखा।  हिन्दी में नाश्ता और भोजन ही मुख्यरूप से चलता है किंतु उनकी जुबान में ब्रेकफास्ट, लंच, ब्रंच, डिनर और सपर जैसे कई शब्द हैं। उनके साहित्य-दर्शन आदि तक पर इस भोजन-प्रेम का प्रभाव देखा जा सकता है। इस विषय पर अज्ञेय हमारी कुछ मदद करते नजर आते हैं-'अंग्रेजों के बारे में मैं अनुभव से जानता रहा हूँ कि वह जाति प्रायः काल की और दिक की नाप एक भोजन और दूसरे भोजन के बीच के अंतराल से करती है।' (अज्ञेय, संवत्सर, नेशनल पब्लिशिंग हाउस, नयी दिल्ली, 1978, पृष्ठ 46) 'अंग्रेज हमेशा देश-काल की नाप भोजन के आधार पर करते हैं।' (वही) इसलिए आप कह ले सकते हैं कि 'अँग्रेज के अनुभव-जगत में भूख या कि आहार देश-काल से बड़ा सत्य है।' (वही)

वीसीपी चौधरी : इतिहास की मुक्ति

आज पत्र-पत्रिकाएं इतिहास लेखन की अनिवार्य स्रोत बन चुकी हैं। लेकिन इतिहास का एक दौर था जब विश्व स्तर पर पत्र-पत्रिकाओं को इतिहास के स्रोत के रूप में उपेक्षित और अविश्वसनीय समझा जाता था। जैसाकि पहले कहा जा चुका है, वीसीपी चौधरी ने आगे की पढ़ाई के लिए इंग्लैंड का रास्ता चुना था। वहां के इतिहासकारों और विश्वविद्यालयों के बीच इतिहास के स्रोत के रूप में पत्रकारिता के प्रति जो उपेक्षा-भाव था उसे चौधरी जी अपनी पुस्तक 'इतिहास का मुक्ति संघर्ष : स्वार्थ से यथार्थ तक' (राहुल प्रेस, पटना : 1991) में लिपिबद्ध करने की कोशिश की है। उन्होंने लिखा है, 'जब मैं 1956 में लिटन पर लंदन विश्वविद्यालय में पी-एच. डी. का शोध-प्रबंध प्रस्तुत करने के लिए शोध-सामग्री एकत्र कर रहा था तो मेरे दर्शक प्रोफेसर सी. एच. फिलिप्स ने स्पष्ट तौर पर पत्र-पत्रिकाओं की स्रोत के रूप में उपेक्षा करने की हिदायत दी। मेरे ट्यूटर डॉ. के. ए. वॉलहैचेट ने बताया कि यह विश्वसनीय स्रोत के रूप में यहां के विश्वविद्यालयों में मान्यता प्राप्त नहीं कर सकी है।' (इतिहास का मुक्ति संघर्ष : स्वार्थ से यथार्थ तक, पृष्ठ 53) इसका नतीजा यह हुआ कि 'मैंने वहां पंजीकरण कराने का इरादा छोड़कर पटना विश्वविद्यालय में डी. लिट्. के लिए शोध प्रबंध दाखिल किया। परीक्षकों में गोरखपुर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष तथा मगध विश्वविद्यालय के उपकुलपति ने पत्र-पत्रिकाओं की स्रोत के रूप में व्यवहार करने के कारण डी. लिट्. नहीं देने का निर्णय लिया किन्तु पेनिसिलवानियाँ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर होल्डन फरवर ने इसे विशिष्ट उपलब्धि मानी तथा डी. लिट्. प्रदान करने की अनुशंसा की।' (पूर्वोद्धृत, पृष्ठ 53) पटना विश्वविद्यालय की यह कहानी 1962-63 की है।

कहने की जरूरत नहीं कि बिहार सरकार द्वारा तीन खंडों में प्रकाशित बिहार के राष्ट्रीय आंदोलन का इतिहास भी पत्रकारिता पर अलग से अध्याय नहीं देता तथा 'आकस्मिक एवं उपेक्षापूर्ण ढंग से' कहीं-कहीं इसका वर्णन करता है। इसी तरह, सरकारी प्रकाशन के रूप में कुंवर सिंह तथा अमर सिंह के जीवन वृत्तांतों में भी स्रोत के रूप में पत्रकारिता की घोर उपेक्षा की गयी। (पूर्वोद्धृत, पृष्ठ 55-56)

पत्रकारिता की इस वैश्विक उपेक्षा के विरुद्ध मोर्चा खोलने वालों में वीसीपी चौधरी निस्संदेह अग्रणी इतिहासकार हैं। उनकी किताब 'इम्पीरिअल हनीमून विद इंडियन अरिस्टोक्रेसी' इस दिशा में एक साहसी प्रयास है। बिहार के बुद्धिजीवी इस बात से परिचित हैं कि सरकारी फरमान के विरुद्ध चलने के कारण इस पुस्तक के कुछ हिस्सों को प्रतिबंधित भी किया जा चुका था। किंतु आज जो कोई भी उस किताब से गुजरेगा, इतिहास की मुक्ति हेतु चौधरी जी के छेड़े संघर्ष को अवश्य याद करेगा। पत्रकारिता की मुक्ति का मार्ग भी यहीं से खुलता था। 

 

Friday, September 25, 2026

अजय कुमार : वे हमारे गाँव के गांधी थे (1/8/53-23/8/96)

कुरता-धोती, पैण्ट-शर्ट और चमड़े के काले पॉलिश वाले जूते में बायीं छाती से किताब लगाए बिल्कुल एक सीध में बढ़ते जा रहे आदमी की जो छवि मेरे जेहन में कैद है, वे अजय कुमार हैं। अपने बचपन में यही रूप देखा था उनका। वे कहाँ आते-जाते थे, तब नहीं पता था। जब थोड़ा बड़ा हुआ और उनके किस्से-कहानियों से मालूम हुआ कि वे मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में अर्थशास्त्र विषय से एम. ए. कर रहे थे। मेरे बड़े भाई जब पटना से घर आते तो दोनों की बैठकी लगती। दोनों की बातचीत से जानकारी के सोते फूटते।

यों जन्म तो उनका जहानाबाद के कसवां गाँव में हुआ था किंतु उनका पालना मेरा गाँव तिनेरी ही बना था। तिनेरी में उनका नानीघर था। नाना सत्यनारायण सिंह थे जिनकी असमय मृत्यु ग्रामीण और पड़ोसी बाबू  बिंदा सिंह के कुएं से बालू निकालते हो गई थी। दो अन्य लोग भी इस हादसे के शिकार हुए थे। सब के सब जवान थे। बड़ी त्रासद घटना थी यह। सत्यनारायण सिंह के बूढ़े पिता कीरित सिंह जीवित थे। और घर में उनकी विधवा पतोहू थी। सारा गाँव उन्हें गनियारी चाची या मामा कहता। मेरी तो चाची ही लगतीं। गनियारी गांव की थी। तब औरतों को उनका अपना नाम नहीं मिला था। गांव के नाम से पुकारी जाती थी।

कीरित सिंह की कीर्ति दूर-दूर के गांवों में फैली हुई थी। कोई नया पुलिस-दरोगा आता तो उनको अपना सलाम ठोक जाता। लोग जानते थे कि जिन पर उनकी वक्रदृष्टि पड़ गई, उनकी खैर नहीं। कभी-कभी तो खाट पर सोए लोग राता-राती खाट समेत उनकी सेवा में उपस्थित हो जाते थे।

कीरित बाबा के किस्से गाँव की हवा में तैरते थे। बाबूजी बताया करते थे कि कीरित का जब बूढ़े हो चले और शिवनन्दन शर्मा (शील जी) की जवानी चढ़ रही थी तो एक दिन किसी ने थोड़ी हवा दे दी। बस शील जी ने मुड़घौंस मार दिया। 'जवानी में शूकरी सुंदर तो लग सकती है, बकरी, हथिनी नहीं हो सकती।' बूढ़े पहलवान ने दोनों घुटनों से शील जी का सिर दबा दिया। शील जी की आंखें बाहर निकलने ही वाली थीं कि पास खड़े दारोगा सिंह ने मुक्ति दिलवा दी।

उन कीरित बाबा के अंतिम दिनों की हल्की स्मृति ही मेरे पास है। जब वे अपने मृत्युशय्या पर लेटे थे। उसकी कोई साफ तस्वीर तो नहीं है किंतु निगेटिव जैसी एक धुंधली छाया मन में बसी है। उनके निधन के बाद एक सांढ़ गोल दागकर छोड़ा गया था। मेरे गांव के किसी मृतक के लिए यह अंतिम छोड़ा गया सांढ़ था। मृतक की स्मृति का अंतिम चिन्ह उनका मुगदर था जिसे हमलोग उठाने की कोशिश करते और बार-बार असफल होते। लगभग डेढ़ मन का मुगदर उठाकर अपनी जवानी में वे भांजा करते थे। आज उनके इस मुगदर से उनके पराक्रम का अंदाजा होता है।

अजय कुमार इस पुरुषहीन परिवार के सबसे बड़े नाती थे। अपनी शिक्षा के साथ खेती-गृहस्थी का सारा दारोमदार उन्हीं पर था। वे सरल, सहज और स्वाभिमानी थे। सादगी इतनी कि वे हमारे गाँव के गाँधी थे। थे भी गांधी के अनन्य भक्त। गाँधी को लेकर अक्सर मेरी उनसे बहस हो जाती। यद्यपि मैं उम्र में उनसे काफी छोटा था लेकिन गांव के रिश्ते में उनका मामू (मामा) था इसलिए काफी सम्मान से पेश आते। वैसे भी शिष्टता उनका भूषण थी। बहस में उन्होंने भागना नहीं सीखा था, प्रतिद्वंद्वी के समक्ष अंगद के पांव की तरह टिके रहते। 

बातचीत के क्रम में कुछ नाम अक्सर आते। कसवां के लाला बाबू और वागीश बाबू अवश्य होते। लक्ष्मी पुस्तकालय, पटना के परमेश्वरी बाबू के बारे में पहली बार उन्हीं से जाना था कि गरीब (भूमिहार) विद्यार्थियों की मदद करने में वे कोई कसर नहीं छोड़ते। एस. एस. कॉलेज, जहानाबाद के प्राचार्य श्री रघुवंश प्रसाद सिंह का नाम तो बस उनकी जिह्वा पर ही होता। प्राचार्य की ईमानदारी से वे बहुत प्रभावित थे और बुरी तरह से खिंचे महसूस करते थे। उनके पास उक्त कॉलेज में पढ़नेवाले लड़कों की भीड़ होती। सब निर्धन बच्चों को कॉलेज की ओर से मिलने वाली छूट का लाभ लेना होता। इस भीड़ में हर जाति के गरीब होते। भूमिहार लड़के होते तो मुसहर जाति से आनेवाले रामाश्रय जी भी होते। सहज आत्मीयता के अतिरिक्त कोई और संवेदना से वे कतई निर्देशित न थे।

हाई स्कूल में दीनबंधु प्रसाद सिंह 'दीन' मेरे शिक्षक थे। वे भूगोल के शिक्षक थे। अंग्रेजी और अर्थशास्त्र भी पढ़ाया करते। अंग्रेजी आठवीं तक तथा अर्थशास्त्र दसवीं तक पढ़ाते। अर्थशास्त्र की पढ़ाई उन्होंने बी. ए. स्तर तक की थी। जब मैं दसवीं में गया तो उन्होंने एम. ए. करने की सोची। उन्होंने कहीं से नोट्स ऊपर कर रखे थे। उसकी नकल के लिए मुझे दे रखा था। वे वर्ग में अर्थशास्त्र विषय में जो कुछ पढ़ाते मैं उसकी चर्चा पड़ोस के अजय जी से करता। अजय जी से अन्य विषयों पर भी मेरी घंटों की लंबी बातचीत होती। उनके पास जब मैं अपना पक्ष रखता तो वे अक्सर मेरे तर्क से सहमत होते और कई तरह की किताबों के साथ दीनबन्धु बाबू के सम्मुख उपस्थित हो जाते। दोनों में घंटों वाक्युद्ध चलता और मैं 'तृप्त' होता।



कविता दरक जाती है

माँ सम्पूर्ण है तो पुत्र उसका अंशमात्र. अंश, सम्पूर्ण को कैद करने में असमर्थ है. सम्पूर्ण की संघर्षगाथा को भाषा के किसी फॉर्म में लिपिबद्ध करने में अंश समर्थ नहीं हो सकता. उसकी भाषा शब्दों से परे और इतर होगी. अतः, मैं माँ की चर्चा इस कंफेशन के साथ शुरू करना चाहूँगा :

"मेरी कविताओं में अक्सर

पत्नी होती है

या होती है अनाम प्रेमिका

मां नहीं होती 

कैसे कहूं-

चाहता हूं जब भी

शुरू करना तुमसे

कविता दरक जाती है!"

1934 के भूकंप का बिहार और मेरी माँ के जीवन में खास स्थान रहा है. मां कहतीं कि जब वह पैदा हुईं तो धरती डोली थी. स्त्री के जन्म से धरती का कांपना नया तो नहीं था, लेकिन उसकी स्मृति में यह घटना सहज भाव से व्याप्त थी. तब इतना कैलेण्डरीकरण न हुआ था. जन्म-वर्ष याद रखने का यही सबसे मुफीद तरीका था. 

माँ का नाम बालमती देवी था. पता नहीं यह नाम किनका दिया हुआ था, किन्तु उन्होंने चाह 'बालमति' की रखी होगी. हालांकि नाम चाहे जो हो इससे वास्ता नहीं ही पड़ना था. स्त्रियों की पहचान उसकी व्यक्तिवाचक संज्ञा नहीं थी. वह मृत्यु के दिन तक 'देहुनीओली' (मगही में वाली, ओली है) उच्चार के साथ पुकारी जाती रही. जहानाबाद जिले में घोसी के पास देहुनी उनका प्यारा गाँव था. मुझे मां का नाम तब मालूम हुआ जब 90 के आसपास उनको डॉक्टर महेन्द्र नारायण के यहाँ इलाज के सिलसिले में लाया गया. पुर्जा बनानेवाले को उसने अपना नाम बालमती देवी बताया. यह वो दौर था जब जब एक स्त्री की पहचान उसके पति से थी. लोग उसका नाम न पूछकर पति का नाम पूछते थे. पड़ोस की नेबारी (गाँव) चाची थी. किसी ने उनके पति का नाम पूछा तो बोली कि 'वही, जहाँ बड़का-बड़का जहाज आकर रुकता है'. आध घंटे की मशक्कत और माथापच्ची के बाद प्रश्नकर्त्ता महेंद्रू घाट से होते हुए महेन्द्र सिंह तक पहुंचा. 'आनंदमठ' की कल्याणी ने भी 'अपने पति का नाम नहीं बताया, वह पति का नाम नहीं ले सकती थी'. संयोग कि उसके भी पति का नाम महेंद्र सिंह है। मेरे पिता का नाम लालबहादुर सिंह होने से मां के जीवन से 'लाल' रंग ही गायब हो गया. 'गुलाबी' के सहारे जिंदगी कटती रही. 

बालमति अर्थात बच्चों की बुद्धि. बच्चा यानी निश्छल और निर्दोष. सांसारिक फरेब जान लेने के बाद बचपन गायब हो जाता है. उनकी निश्छलता का एक किस्सा है. बात मेरे बचपन की है. दो-तीन साल का रहा हूँगा. मुझे साथ लेकर संभवतः गंगास्नान हेतु पटना आयी थी. कलक्टरी घाट का इलाका था. किसी फलवाले से उन्होंने कुछ खरीदा. पैसे कुछ कम पड़ गये थे इसलिए पास के डेरे से शेष लाकर देने की बात कही. फलवाला इस बात के लिए राजी नहीं हो पा रहा था साथ ही उसने कुछ ऐसी बात कह दी कि जिससे माँ का मन आहत हो गया. चोट खायी माँ ने फलवाले के पास मुझे गिरवी रख दी. गनीमत कि दस कदम की दूरी पर पिता मिल गये और मैं बंधकी से मुक्त हो सका.

वह बचपन ही से 'माँ' की मूर्ति थी. माँ यानी ममता, सेवा-भाव, समर्पण और त्याग की भावना से भरी हुई. दूसरी जमात तक की शैक्षिक यात्रा में उन्हें प्रेमचंद की तरह इलहाम हो गया था कि विद्या पढ़ने से नहीं बल्कि गुरु के आशीर्वाद से आती है. इस अर्जित ज्ञान को ढाल बनाकर वह दीदीजी (शिक्षिका) की सेवा में लगी रहतीं. और बात है कि किताबी पढ़ाई में उनका मन न रमता था. तीसरी जमात तक पहुचते-पहुंचते यह पढ़ाई निस्सार लगने लगी और विद्या देवी की तरफ से मन उचट गया. गुरु के आशीर्वाद से उन्होंने विद्या की जगह बुद्धि (विवेक) हासिल की थी. मेरी मामा (दादी) कहा करती थीं-'बिना बुद्धि के विद्या विषम अर्थात बुद्धि (विवेक) न हो तो विद्या, जहर है. मां इस जहर को पी चुकी थी. मेरी मगही में एक शब्द चलता है. बाबा अक्सर उसका प्रयोग करते. 'बुधव्याधी' उनका प्यारा शब्द था. बुद्धि को अगर विवेक की वल्गा से शासित न किया जाय तो वह व्याधि बन जाती है. माँ को यह व्याधि छू तक नहीं पाई थी. 

मां की जब शादी हुई तब वे दस वर्ष की थीं. पिता बारह वर्ष के थे. शादी के बाद की सुबह विदाई की तैयारी के बीच दोनों समधी में कहा-सुनी हो गई. मामला दहेज का था. डोली में बैठी 'बालमति' चुपके से निकल पड़ी. अगले क्षण बेटी की विदाई में रोती संवासिनों से भरे आँगन में दाखिल थी. विदा न होने की जिद पर अड़ी हुई. दो साल बाद ही ससुराल आई. 'कन्या-परिछन' का समय आया. 'परिछन' अपने मूल रूप में 'परीक्षण' रहा होगा शायद. परीक्षा का गोतिया. इसके डर से विद्यार्थी के हाथ--पांव पहले ही से फूले रहते हैं. तिसपर परीक्षक अगर मेरी मामा (दादी) जैसी हो तो साक्षात यम का सामना. मामा की कन्या-परीक्षण-बुद्धि के किस्से गांव की हवा में फैले हुए थे. गांव की औरतें कहतीं कि "कन्या को अगर 'सरकार जी' ने पास कर दिया तो पास". बचपन में सुनता था कि मामा पड़ोस में किसी नयी बहुरिया को देखने गई हुई थी. बहुरिया के शरीर पर गोदना की हल्की रेखा दिख गई. बस, मामा ने घोषित कर दिया कि कन्या निम्नजातीय है. यह वो दौर था जब गोदना से जाति की कुंडली पढ़ ली जाती थी. उस दादी के लिए काली बहू का स्वागत करना असंभव था. दादी को काले लोग कतई पसंद नहीं थे. दादी औसत कद की गोरी-चिट्टी महिला थीं. पिता भी गोरे थे. दादी ने बहू का मुंह देखा कि सूप में रखा परिछन का सारा सामान फेंककर आसमान सिर पर उठा लिया. किसी तरह मामला शांत हुआ. प्राकृतिक न्याय के तहत हम छः भाई-बहनों में तीन गोरे तीन काले हुए. पिता ने संतानों का बंटवारा किया. गोरी संतानें पिता की और काली संतानें मां की. गर्व है कि मैं मां की संतान हो सका. 

मां एक किस्सा सुनाया करती थी। किस्सा एक अनोखी शादी का था। बात उस जमाने की है जब बाप को देखकर बेटे-बेटियों की शादी हो जाया करती थी। आदमी की कौन कहे, तब ढेंकी, चूल्हे तक की शादी हो जाया करती। ऐसी ही एक शादी थी जिसमें 'कानी' और 'लंगड़े' का भाग्य जुड़ रहा था। तब शादियों में भी शास्त्रार्थ हुआ करता। कभी-कभी लट्ठ भी बजते। आदमी तो आदमी बाजे भी आपस में प्रतिद्वंदिता करते। विवाहोपरांत आशीर्वादी का दौर चल रहा था। लड़की पक्ष के बाजेवाले ने गाया-'जुग जीतलें गे कानी' कि तभी लड़केवाले की तरफ से 'समस्यापूर्ति' हुई-'ई वर उठिहें त जानी'। फैलन साहब के कोश में इसको ऐसे लिखा है-'जग जीता मोरी कानी, वर ठाढ़ होय तब जानी'। (फैलन, हिन्दुस्तानी कहावत-कोश, पृष्ठ 126)

मेरा परिवार छोटे किसान का बड़ा संयुक्त परिवार था. परिवार में बाबा-मामा (दादा-दादी) समेत उनके तीन बेटों (एक निःसंतान) की संततियां थीं. खेत का रकबा कम होने से पूरे साल का धान-गेहूँ होना मुश्किल था. धान जैसे ही पककर तैयार होता कि उसका बोझा घर आना शुरू हो जाता. धान पीटने से लेकर उसको उसनने और ढेंकी में कूटने तक की जिम्मेवारी मां की हो जाती. करीब बीस लोगों का खाना बनाने के अतिरिक्त यह काम होता. देर रात को सोने के बावजूद चार बजे भोर में उठ जाना होता. गर्मी के दिनों में खास तौर से. तब गांवों में पेयजल-संकट के दिन थे. चापाकल बहुत कम प्रचलन में था. कुआं सबसे महत्त्वपूर्ण स्रोत था और समृद्धि का सूचक भी. गर्मी के दिनों में सुबह का उजाला होते-होते कुएं का पानी गंदला हो जाता. वैसे भी दिन में औरतों का घर की चहारदीवारी से बाहर निकलना व्यवहार में नहीं था. यह आजादी बूढ़ी हो चली औरतों को ही नसीब थी. एक चाचा को अपना दफ्तर (पटना) आना होता. छह बजे तक उनके लिए भोजन तैयार चाहिए था. ऐसे में जरूरी था कि माँ अपनी दिनचर्या की शुरुआत रात्रि के अंतिम प्रहर में करे.

तीसरी कक्षा तक स्कूल गई माँ अखबार में मोटे अक्षरों में छपी खबरों के शीर्षक पढ़ लेती थीं. जर्मनी, जापान की लड़ाई के किस्से सुनातीं. गांधीजी की 'अलौकिक' शक्ति में श्रद्धा थी. कहतीं, जब गांधीजी को अंग्रेज 'जेहल' में बन्द कर देते तो वे अपनी मर्जी से जब चाहते फाटक खोलकर बाहर निकल जाते.  

मां बचपन में कहा करती थीं कि उनके गांव के एक चंद्रदेव शर्मा (जन्म : 5 मई, 1888) थे जिनका जहानाबाद में चाँद प्रेस था, और जिससे किताबें प्रकाशित होती थीं। फिलहाल कहना मुश्किल है कि यह चाँद, चंद्रदेव से आया था या रामरिख सहगल की 'चाँद' पत्रिका से. इतिहास की किताबों से मां की यह बात मैं अब तक पुष्ट न कर सका था, लेकिन टंडन जी की किताब में दर्ज पाया. डॉ. प्रेमनारायण टंडन ने दो खंड में हिन्दी-सेवी-संसार प्रकाशित की थी, प्रथम खंड का नाम बाद में हिन्दी-साहित्यकार-कोश हुआ. इसमें हिन्दी के कुल 2749 साहित्यकारों के बारे में संक्षिप्त किन्तु महत्त्वपूर्ण जानकारी दर्ज है. इसकी महत्ता का अंदाज आप इस बात से भी कर सकते हैं कि बिहार राष्ट्रभाषा परिषद, पटना ने 5 खंडों में हिन्दी साहित्य और बिहार प्रकाशित की है, उसमें भी जो बिहारी लेखक वर्णित नहीं हैं, यहां दर्ज हैं.

मां एक औसत भारतीय की तरह धार्मिक महिला थीं, लेकिन आडम्बर से दूर. मनुष्यता उनका धर्म रही. पूजा के नाम पर केवल तुलसी और पीपल में गुड़ और पानी डालते देखा. मेरे परिवार में कई लोग शाकाहारी थे तो कई विकट मांसाहारी. हमलोग मांस-मछली भी उसी चूल्हे पर बनाते जिस पर बाकी लोगों के लिए शाकाहारी खाना बनता. ग्रामीण जीवन का यह वो दौर था जब अन्यों के यहाँ मांसाहारी भोजन रसोईघर से दूर दरवाजे पर ही बनाने की अनुमति होती. मैं कभी माँ से पूछता कि अलग चूल्हे पर क्यों नहीं बनाती? चूल्हा अपवित्र हो जाएगा. माँ का जवाब होता-'बेटा, आग कभी अपवित्र नहीं होती. इसमें तो सबको पवित्र कर देने की ताकत है.' माँ अपने बचपन में एकाध बार मछली चखी थी. हमलोगों ने कभी खाते नहीं देखा, लेकिन उनमें इतना विवेक था कि उनके बेटे अगर किसी असाध्य बीमारी के शिकार होते और उसका इलाज गोमांस-भक्षण होता तो उसे भी उपलब्ध कराने में तनिक देर न करतीं. उनका यह विवेक मनुष्यता की गली से होकर आया था. उनसे हमने सीखा कि मनुष्य पहले नंबर का जीव है. जानवर, मनुष्य के लिए हैं न कि मनुष्य, जानवर के लिए. माँ ने मुझे मनुष्य बनना सिखाया.

पत्नी कहती हैं कि मां कभी सास की भूमिका में नहीं दिखीं, सदैव मां बनी रहीं। सम्भवतः दुनिया की पहली सास हैं जिन्हें बहू से मां का दर्जा प्राप्त है. माँ के न होने का गम मुझसे ज्यादा पत्नी को है. यह सब लिखते हुए मैं बेहद भावुक महसूस कर रहा हूँ, रोंगटे खड़े हो रहे हैं! मां के लिए लिखी कविता से अपनी बात समाप्त करना चाहता हूं :

"मैंने कहा-दुख

और मां का चेहरा म्लान हो गया

शिथिल पड़ने लगीं देह की नसें 

कहां रही ताकत 

जवान गर्म खून की 

दौड़ता फिरे जो 

अश्वमेध के घोड़े-सा 

मैंने कहा-मां 

और उसकी आंखों में आंसू आ गए।" (आजकल, सितंबर 2007; आज समाज, दिल्ली, 8. 2. 2010)

चाचा की दृढ़ता मेरी भाषा की रीढ़ है

आज आपकी पुण्यतिथि (22/6/1941--22/5/1993) है। आप ऐसे इंसान तो कतई नहीं थे कि रस्मी तौर पर आपको याद किया जाय। जब-जब संकट में होता हूँ आप मेरे साथ खड़े मिलते हो। आपकी दृढ़ता मेरी भाषा की रीढ़ है।

चाचा मेरे पिता से लगभग आठ साल छोटे थे, इसलिए मेरी मां ने उन्हें बचपन से देखा है। माँ की कही बातों से ही उनके बचपन का हाल मालूम होता है। बालोचित शैतानियां उनमें विद्यमान थीं। बगल के गांव नादौल से एक धोबी आते थे। नाम कदाचित सोहन था। उसे आंगन में दाखिल होते देख ही वे अन्य समवयस्क बच्चों के साथ मिल गाने लगते-

"कहाँ गेलअ सोहन? चोरी करे बाबू!

का होलो सोहन? जाग होलई बाबू!

नुका न गेलअ सोहन? दीया बारकई बाबू!

मारो खयल सोहन? बड़ मार बाबू!

कतेक मार सोहन? बेदम करकई बाबू!

आउ जयब सोहन? बान छुटतई बाबू!"

पढ़ने के क्रम में मालूम हुआ कि चाचा लोक साहित्य का पाठ कर रहे थे। साहित्य का पाठ कुछ इस रूप में है-

"कहाँ गेले सोमर ? चोरी करे बाबू!

मारो खैलें सोमर ? बड़ी मार बाबू । 

दबकले न हल सोमर ? दीया बरलक बाबू ! 

भगलें न हल सोमर ? सब छेंक लेलक बाबू ! 

फिन जयमें सोमर ? लत छुटलइ बाबू! " (संपत्ति अर्याणी, मगही लोक साहित्य, किरण प्रकाशन, जहानाबाद, प्रथम संस्करण : 1965, पृष्ठ 28)

चाचा को हम सभी भाई-बहन 'जिक्का' कहते। उनकी ट्रेनिंग थी कि जब कोई पुकारे तो हमें प्रत्युत्तर में पहले 'जी' कहना चाहिए। चाचा पुकारें तो 'जी काका'। भाषाविज्ञान के मुखसुख नियम से यह 'जीकका' और अन्ततः जिक्का हो गया। 'जी' कहने की परिपाटी उन्होंने पड़ोसी ग्रामीण द्वारिका सिंह की नकल में शुरू की होगी। द्वारिका सिंह गांव के रिश्ते के हिसाब से मेरे भाई लगते थे। उनके यहाँ के सभी बच्चे उनको 'काकाजी' कहते थे। उनका काकाजी उलटकर मेरे घर 'जीकाका' हो गया।

चाचा का नाम शिवनारायण शर्मा था। तब के मेरे गांव में शिवनारायण कई थे। नाम रखे जाने का एक अपना ही समाजशास्त्र है। एक पड़ोसी वकील का नाम भी शिवनारायण शर्मा था। स्पष्ट पहचान के लिए गाँव में उन्हें शिवनरायण वकील कहा जाता। एक शिवनारायण बढ़ई भी थे। चौथे शिवनारायण पड़ोसी गांव जमालपुर के थे और पेशे से शिक्षक होने की वजह से शिवनरायण मास्टर कहे जाते। 

मुखसुख ने इन सभी शिवनारायण को शिवनरायण बना दिया था। तीन शिवनारायण का सरनेम शर्मा था। सरनेम शर्मा होने से भूमिहार जाति के लोगों को थोड़े में शर्माजी कहा जाता। गांव के हेडमास्टर रामनंदन शर्मा को हमलोग 'शर्माजी' ही कहते। मेरे छोटे चाचा कृष्णनंदन शर्मा होने से अपने कार्यालय में 'शर्माजी' कहे जाते। दोनों चाचा एक ही विभाग (बिजली) में नौकरी करते थे। छोटे चाचा की नौकरी बड़े चाचा की कृपा थी। चाचाओं की आपसी बातचीत में शर्माजी शब्द बार-बार आता। मेरे बालमन को लगता कि यह शर्माजी भी कोई सरकारी ओहदा है। 

बिहार में भूमिहार जाति के लोगों को कूटभाषा में 'श्रीबाबू' भी कहा जाता है। पटना के जिस मुहल्ले में फिलहाल रहता हूँ उसे 'श्रीनगर' कहा जाता है। बहुत दिनों तक इस नामकरण का रहस्य मेरे लिए अज्ञात बना रहा। मेरे ससुरजी इस मुहल्ले के आरंभिक बाशिंदों में से थे। उनसे सुना करता था कि श्रीकृष्ण बाबू के नाम पर मुहल्ले का नाम 'श्रीनगर' रख छोड़ा गया है। किन्तु यह पूरा सच नहीं था शायद। एक दिन मुहल्ले के एक आदमी को कहते सुना कि "यह मुहल्ला 'श्रीबाबू' लोगों का है।" यानी भूमिहारों का मुहल्ला। एजी कॉलोनी मुख्य सड़क के पूरब में 'केसरी नगर' है तो पश्चिम में 'श्रीनगर'। कहने को तो कलक्टर सिंह 'केसरी' और श्रीकृष्ण बाबू बिहार के दो महापुरुष के नाम हैं, लेकिन मूल में जाति है।

चाचा पहले कांग्रेसी रहे फिर कम्युनिस्ट हुए। उनका जीवन दोनों के आदर्शों से प्रेरित था। आदर्श को व्यवहार में उतारने की जिद थी। होली और दसहरे के अवसर पर हम तमाम भाई-बहनों के अंगवस्त्र सिले जाते। कपड़े की सही माप और उसकी सिलाई के लिए हम सभी चाचा के संग स्थानीय और निकटतम बाजार मसौढ़ी जाते। चाचा ने दुकान और कपड़ा निश्चित कर रखा था। रामगुलाम साव की कपड़े की दुकान होती और मफतलाल कंपनी के सूती कपड़े होते। कपड़े की सिलाई का जिम्मा नईम मियाँ का होता। उनकी नाक पर मोटे फ्रेम का चश्मा अंटका होता। कहना मुश्किल होता कि वे ऐनक के भीतर से झांकते है अथवा ऊपर से। नईम मियाँ के बगैर हमारी क्या होली और क्या दिवाली। जो कपड़ा चाचा को पसंद आता उसी की कमीज हम सब के हिस्से आती। कपड़े का किस्म तो समान होता ही, रंग चुनने तक की आजादी नहीं होती। कभी-कभी अन्य साथियों को टेरी कॉटन तथा पॉलिस्टर की कमीज पहने देखता तो हमारा भी जी मचलता और हमलोग चाचा पर दबाव भी डालते लेकिन दृढप्रतिज्ञ इंसान तनिक टस से मस न होते। कपड़े की खरीददारी के बाद हमलोग सड़क पारकर नईम मियाँ की दुकान पर लाइन लगाते। दो-तीन दिन बाद हमारे सिले वस्त्र घर आते और उन्हें पहनकर देखते कि ठीक ठाक सिले हैं अथवा नहीं।

मेरे घर-परिवार में पढ़ाई-लिखाई की परंपरा की नींव चाचा ही ने डाली। वे घर के पहले मैट्रिक पास थे, इसलिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से प्राप्त उनका प्रमाणपत्र बड़ी शान से दीवार में टंगा रहता। किन्तु घर में किताबें नहीं थीं। देखे में केवल एक किताब थी लाल जिल्दवाली और इसका शीर्षक, जहां तक मुझे याद है, 'क्रांति में जूछे की भूमिका' था और इसके लेखक किम इल सुंग थे। यह किताब मेरे चाचा की थी। चाचा उस किताब को एक बक्स में बंद रखते और खास अवसरों पर पढ़ते। उक्त किताब को पढ़ते वे खास एहतियात बरतते। घोर धार्मिक व्यक्ति धर्मग्रंथों के साथ जो सलूक करता है, कुछ-कुछ वैसा ही। पढ़ते और फिर सहेजकर रख देते। मैं उस किताब को उतनी ही देर देखता जितनी देर तक वे पढ़ रहे होते। हां, पढ़ चुकने के बाद वे अपने हस्ताक्षर अवश्य करते। किताबों के बगैर मैं बड़ा तो हुआ किन्तु चाचा की सादगी से भरी जीवनशैली मेरे अंदर विचार में परिणत होती रही। आठवीं कक्षा में 'जनशक्ति' (मेरे विद्यालय के तीन शिक्षक कम्युनिस्ट विचारों के थे, शायद उनके दबाव से यह अखबार आता रहा हो) दैनिक में 'पीपुल्स बुक हाउस' द्वारा रूसी किताबों की विज्ञापित सूची के आधार पर मैंने चार किताबों का चयन किया-'कम्युनिस्ट घोषणा-पत्र', 'साम्राज्यवाद पूंजीवाद की चरम अवस्था', 'कम्युनिस्ट समाज में नैतिकता' तथा 'काल्पनिक और वैज्ञानिक समाजवाद'। ये किताबें मैंने पड़ोस के एक आदमी से, जो मेरे सबसे बड़े भाई के सहपाठी रह चुके थे, मंगवाई थीं। उन्होंने किताबें लाकर सीधे चाचा के हाथ में दे डाली। नतीजा-किताबों को दायमूलहब्स (कालेपानी) की सजा और मुझे डांट। मार्क्सवादियों की जीवनशैली ने चाचा के मन को एक खास तरह के 'अपराध-बोध' से भर दिया था। वे अब 'पश्चाताप' और 'आत्मसुधार' वाली मुद्रा ओढ़े रहते और मार्क्सवाद को 'वेस्ट ऑफ टाइम' घोषित करते। परिणामत: मेरी किताबें भी चाचा की किताब के साथ बक्स में बंद हो गईं। 

किताब पढ़ने से ज्यादा वे लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करने में विश्वास रखते थे। इसी संपर्क की बदौलत उन्होंने बिजली बोर्ड में लोअर डिविजनल क्लर्क की नौकरी हासिल की थी। जहानाबाद में चंहरिया गाँव है जहाँ के मधेश्वर शर्मा सन 60 के दशक में बिजली बोर्ड के चेयरमैन रहे थे। वे रिश्ते में चाचा के मामू लगते थे। उन्हीं की कृपा से यह नौकरी हासिल हुई थी। इस रिश्ते की वजह से नामी-गिरामी लोगों के बीच उनका उठना-बैठना हो गया था। उनके संपर्क को व्यापक बनाने में बिजली बोर्ड की उनकी जनसंपर्क शाखा भी मददगार साबित हुई थी। प्रेस-मालिक रणधीर शर्मा, कांग्रेसी नेता रामाश्रय शर्मा, डॉ. सी. पी. ठाकुर आदि से लेकर किंग महेन्द्र तक उनकी पकड़ में थे। कहना अनावश्यक है कि फरवरी 90 की मेरी शादी में सी. पी. ठाकुर भी बारातियों में शामिल थे। सी. पी. ठाकुर एक तरह से उनके फेमिली डॉक्टर थे। परिवार के लोगों के साथ कई अन्यों का इलाज भी उनसे कराया करते। इलाज के सिलसिले में एक बार मुझे भी ले गये थे। अक्सर मेरा स्नोफिल्स बढ़ जाया करता। एक अन्य परिचित डॉक्टर की सलाह से मैं ऐसी हालत में रेसोफिल और बेनाड्रिल कैप्सूल लेता। सन 87 की बात है, जब बीमार पड़ा तो चाचा सी. पी. ठाकुर के पास ले गये। उन्होंने यूनिकार्बाजाइम के साथ ब्रॉडीसिलिन कैप्सूल (500) की दो गोली एक साथ सम्भवतः प्रत्येक चार घंटे पर लेने को कहा। शाम तक लगा कि मुंह में धूल उड़ रही है। मैंने सोचा, डॉक्टर इस तरह अपनी फीस वसूल कर रहे हैं। लेकिन अंतिम नतीजा किसी चमत्कार से कम न साबित हुआ। एसनोफिल्स की समस्या सदैव के लिए जाती रही।

चाचा ने इस सम्पर्क का अपने लोगों के लिए लाभ उठाया था। तब नौकरी की आजकल वाली मारामारी नहीं थी। उन्होंने कई लोगों को दिलवाई। कई की तो बिजली बोर्ड ही में पक्की हो गई। छोटे चाचा की नौकरी भी उन्हीं की कृपा थी। बचपन में सुनते थे कि नौकरी के साक्षात्कार में चाचा से कोई कविता सुनाने को कहा गया था। उन्होंने 'नर हो न निराश करो मन को/कुछ काम करो, कुछ काम करो' कविता सुनानी शुरू ही की थी कि इंटरव्यू बोर्ड में बैठे लोग वाह वाह कर बोल उठे : 'इस व्यक्ति में काम करने की अदम्य लालसा है।' बस नौकरी पक्की। चाचा आज के कवि होते तो कहते कि कविता हमें रोटी नहीं दे सकती कि वह किसी काम की नहीं क्योंकि उससे न चोली बन सकती है न दामन। उस अकवितावादी दौर में भी चाचा ने कविता को जंगल से निकालकर जनता तक पहुंचाने का काम किया था। इन चाचा के साले की नौकरी भी उन्होंने ही लगवाई थी। तब चपरासी की नौकरी के लिए साइकिल चलाना आना अत्यावश्यक था। हमलोग गाँव में उनके लिए साइकिल का प्रबंध करते और वहीं खेल के मैदान में पैडल मारना सिखाया जाता। अब तो उनकी साइकिल ने काफी गति पकड़ ली है।

चाचा एक कमिटेड इंसान थे। बात चाहे संबंधों की हो, विचारधारा की हो अथवा ब्रांड की। वे हमेशा खादी पहनते। मोटीवाली, खुरदरी खादी। सफेद रंग की। धोती भी खादी की। गर्मी में चमड़े का चप्पल और जाड़े में मोची का बनाया काले रंग का स्वदेशी जूता। भयानक ठंड में भी फूल बाँह की एक वेस्ट बंगाल गंजी के ऊपर कुर्ता डाले मस्त रहते। सुबह घर से निकलते तो रात को लौटते। तब शहर सपना नहीं बना था। सपना गांव में बसा संयुक्त परिवार की बेहतरी था। हालांकि गांव के अन्य घरों में संयुक्त परिवार अब दम तोड़ने लगा था किन्तु चाचा ने उस टूटन को अपने घर में प्रवेश की इजाजत नहीं दी थी। वे भतीजों को बेटों की तरह पालनेवाली पीढ़ी के वंशधर होना चाहते थे। टूटते संयुक्त परिवार के दौर में हमारा घर ढाढ़स बंधा रहा होता।

कविता में चाचा का स्मरण :

*दिवंगत चाचा के प्रति-1* 

हमारी भाषा में 

महज एक शब्द नहीं थे 

संबंधों की लहलहाती आग थे

उष्णता से जिसकी 

पूस की ठंडक में 

सिहरता था मेरा हठीला बचपन।


अपने गांव के विशाल 

सार्वजनिक कुएं से ज्यादा गहरे थे

जगत से जिसकी लटकती 

एक बार में 

सैकड़ों छोटी-बड़ी बाल्टियां 

नहीं कांपी कभी 

पानी की सतह

विचलित नहीं हुई कभी!


पता नहीं कितनी बार

कौतूहल में 

हाथों से सरसराकर छोड़ी 

बाल्टी की रस्सी 

मापने को थाह

किंतु अबूझ रहा आजतक 

पकड़ से बाहर 

आदिम, अजनबी स्रोत! (रचनाकाल : 18/9/96)

*दिवंगत चाचा के प्रति-2*

सघन बड़ी मूंछों को

चीरती निकलती तुम्हारी हंसी

फैल जाती थी 

पूरे घर की हवा में 

काट डालती निज का सन्नाटा

जैसे क्षितिज पर निकलता

लाल गोल सूरज 

फैलाकर समस्त प्रकाश 

पाट देता है

संपूर्ण पृथ्वी की 

पहाड़ों-घाटियों की अतल गहराइयों को


तुम भी थे कितने अद्भुत

कहते रहे गांधी को 

‘नेहरू का पालतू कुत्ता’

खुद पहना उसी का बाना

खादी की फटी धोती में 

लिपटी तुम्हारी काया 

बनी रही अजेय 

अपनी ही दृढ़ता से 

बीमार मौसम में

दी तुमने गाली 

सबसे ज्यादा मार्क्स को 

और खुद को चिपका पाया 

किम इल सुंग की जिल्दों में 

उलझा रहा बेबस मन

खो गया उन्हीं अक्षरों में कहीं 

हर पढ़े पन्ने में 

छोड़ जाते थे अपने 

दबंग दस्तखत के निशान

समझ न पाया मैं तुम्हारा राज़ 

कि क्यों तुम्हें 

जींस पैंट के ऊपर पहना हमारा कुरता

नहीं भाया कभी 

कहो-कैसा-?

कैसा था तुम्हारा सौंदर्य-बोध ? 


घर की एक-एक चीज़ 

जो थी तुम्हारी

धरी है सब की सब

अभी तक सुरक्षित 

म्यूजियम में पड़ी तलवारों की तरह नहीं 

एक जीवित मनुष्य की तरह 

जो बात करती है अक्सर 

तोड़ती है दूसरे कइयों के 

अंदर का सन्नाटा

जब-जब टिकती है मेरी नज़र

ज़ोरों की आवाज़ से फड़फड़ाता है 

उसका सारा पन्ना

संजोकर रखा था जिसे मैंने 

तुम्हारे जाने के बाद

मचलती है दुधमुंही बच्ची-सी 

देने को सहारा 

घर के कोने में पड़ी निस्संग 

तुम्हारी लाठी

एक दिन अचानक पकड़ूंगा उसे 

और निकल जाऊंगा दूर

बहुत दूर…

पार उसके भी

बंद होते हैं जहां हमारे रास्ते 

पूरी दुनिया के तमाम रास्ते


मिट्टी, पानी और हाड़-मांस की 

नहीं बनी थी तुम्हारी काया 

दौड़ती थी खून की जगह नसों में 

तेज़ रफ़्तार की जिद

जीवन ज़िद था तुम्हारे लिए 

इच्छाएं ज़िद थीं 

प्यार भी ज़िद था

बिलकुल ज़िद की तरह आई तुम्हारी मृत्यु 

हंसो

हंसो कि तुम्हारी संतानें 

कहीं ज्यादा सख़्त हैं

सिखाया नहीं करना 

‘तुच्छ जीवन’ के लिए

‘महान समझौते’

हाय! कहो-

यह भी कोई ज़िद थी तुम्हारी ? (रचनाकाल : 3.11.96)

दोनों कविता 'सप्तपदीयम' काव्य-संग्रह से साभार

मैं और मेरा प्रलेस

सन 84 में मैं पटना आया और बी. एन. कॉलेज में दाखिला लेकर पढ़ने लगा। पटना तब सांस्कृतिक और राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था। अपने अग्रज मित्रों से और शहर की दीवारों पर लिखी इबारत से पटना में काम कर रहे छात्र संगठनों का एक मोटा मोटी अंदाजा हो चुका था। बड़े भाई के अत्यंत आत्मीय मित्र कथाकार हंसकुमार पांडेय जी की साहित्यिक चर्चाओं से यह मालूम हो चुका था कि पटना में प्रगतिशील लेखक संघ के नाम से लेखकों का एक संगठन भी है। नाम के अलावा इस लेखक संगठन के बारे में कुछ न जानता था, लेकिन मैं मन ही मन अपने को इससे जुड़ा मानता था।हंसकुमार पांडेय की प्रगतिशील लेखक संघ वाली इन चर्चाओं में नंदकिशोर नवल, अरुण कमल, तरुण कुमार, कवि शील, 'धरातल' पत्रिका वाले मघड़ावासी अयोध्यानाथ सांडिल्य और अपूर्वानंद हमेशा मौजूद रहते। 

सन् 87 की बात है। 'जनशक्ति' में इन्द्रकांत मिश्र थे। बातचीत के क्रम में मैं उन्हें पसंद आ गया और मुझे बेहिचक हू-ब-हू छापने लगे। यहाँ तक कि शीर्षक बदलने के ‘मौलिक अधिकार’ तक का भी वे इस्तेमाल न करते। मुझे छापते और कहते-‘तुम आग लिखते हो’। वे छापते गये क्योंकि संपादक से अधिक एक ‘विद्रोही व्यक्ति’ हो गये थे। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया में निष्ठापूर्वक काम करते हुए निजी जीवन में उन्होंने जो ‘असफलता’ हासिल की थी, उससे उनके तेवर बदल गये थे। जनशक्ति से जुड़े एक प्रसंग का उल्लेख करना अप्रासंगिक न होगा। बात सन् 89 की है। नंदकिशोर नवल उन दिनों इस अखबार में नियमित लिख रहे थे। संभवतः साहित्य पृष्ठ पर ‘वातायन’ कालम में। नवल जी को मैं आदर के साथ पढ़ता था। शायद उससे पहले ही कम्युनिस्ट पत्रिका में मार्क्सवादी सौंदर्यशास्त्र (हू-ब-हू शीर्षक याद नहीं) पर छपा उनका लेख पढ़ चुका था और मैं उसकी गिरफ्त में था। घटना है कि हंस में गिरिराज किशोर की एक छोटी-सी टिप्पणी प्रकाशित हुई थी ‘प्रेमचंद की तरह लिखना आसान है जैनेन्द्र की तरह मुश्किल’। इसे पढ़कर मैं तिलमिला गया था। यह नहीं कि जैनेन्द्र को मैं छोटा लेखक मानता था, बल्कि प्रेमचंद के संदर्भ में कही गई बात मेरे मार्क्सवादी दिल (कुछ मित्र ‘मार्क्सवाद  में दिल’! पर कानाफूसी करेंगे) को लग गई। इसी समय नवल जी एवं अपूर्वानंद का लेख जनशक्ति में छपा। मजेदार बात यह थी कि नवल जी का लेख ऊपर के आधे हिस्से में छपा था और नीचे के बाकी बचे हिस्से में अपूर्वानंद द्वारा अनूदित रूसी कवियों की कविताएँ थीं। उन दिनों हिन्दी, एम. ए. में पढ़ रहे अमरेन्द्र कुमार मेरे साथ रहते थे। मैंने कहा, ‘अमरेन्दु जी (निकट से जाननेवाले लोग उन्हें इसी नाम से पुकारते थे) हिन्दी साहित्य में तो एक नये टॅापिक की शुरुआत हो गई-‘ससुर-जामाता प्रसंग।’ यह स्वस्थ प्रवृत्ति नहीं है। इसका विरोध होना चाहिए। उन्होंने पूछा, ‘लेकिन  कैसे ?’ ‘ऐसा कीजिए कि हम दोनों ही लेख लिखते हैं और उसे ठीक इसी तरह ऊपर-नीचे छपाया जायेगा’-मैंने कहा। पहले-तो उन्होंने साफ इनकार किया। लिखने ही को राजी न हुए। बोले, ‘दोनों मेरे शिक्षक हैं (अपूर्वानंद उन दिनों हिन्दी विभाग में जे. आर. एफ. थे; अतएव पढ़ाया भी करते थे), रोज कक्षा में देखा-देखी (टोका-टोकी) होगी, इसलिए कुछ ठीक नहीं लगता।’ मैंने प्रतिबद्धता और ईमानदारी की प्रत्यंचा चढ़ाई। कहा-‘क्या बिगाड़ के डर से ईमान की बात न कहोगे ?’ लेकिन टस से मस न हुए। फिर मैंने कहा, ‘अच्छा ऐसा कीजिए कि आप कोई बिल्कुल ही ‘अहिंसक’ प्रकृति का लेख लिख डालिए। बाकी मैं देख लूँगा।’ अब मामला तय हो चुका था। हम दोनां सड़क पर आये। मुझे सिगरेट की लत थी। अमरेन्दु जी ने ‘गुलाब छाप’ गुल का डिब्बा लिया। कमरे में आकर दोनों शांतचित्त एवं दŸाचिŸा हो हाथ में कलम पकड़ बैठ गये। चेहरे पर जो तनाव था वह बता रहा था कि हमलोग ‘शत्रु-दल’ के व्यूह में प्रवेश कर चुके हैं। लगभग आध घंटे के परिश्रम से मैंने लेख तैयार कर डाला। शीर्षक लगाया-‘आलोचना की राजनीति’ (प्रकाशन तिथि : 25 फरवरी, 1989)। और काफी गुल फाँक चुकने के बाद अमरेन्दु जी ने लिखा ‘सूनी बावड़ी में लाल कन्हेर फूलों की महक।’ दोनों ही लेख मैंने इन्द्रकांत मिश्र को थमा दिये। साहित्य के अगले अंक में ठीक वैसे ही ऊपर-नीचे हम दोनां ही के लेख छपे। अलबत्ता ‘वातायन’ कॉलम की जगह छपा ‘वातायन पर दस्तक’। इस हालत में लेख छपा पाकर मैं रोमांचित हो उठा। ‘साहित्य के मठ’ पर यह मेरा पहला ‘हमला’ था।

इस घटना के कुछ दिनों बाद मैं अमरेन्दु जी व दीपक कुमार गुप्ता (तब वे भी हिन्दी, एम. ए. के छात्र थे) के साथ दरभंगा हाउस गया। वे दोनों तो अपने वर्ग में चले गये। मैं वहीं सायकिल स्टैंड में बैठा राजेन्द्र जी (सायकिल स्टैंड के कर्मचारी) से बातें करता हुआ इंतजार करने लगा। एक-आध घंटे बाद वे दोनों आए और मुझसे कहने लगे, ‘यहाँ अकेले बैठे क्या कीजिएगा। नवल जी का ‘‘निराला स्पेशल’’ है इसलिए चलिए आप भी वहीं बैठिएगा।’ मैंने कहा, मुझ ‘बाहरी ’ आदमी को कहाँ ले जाइएगा, नवल जी को अच्छा नहीं लगेगा। वैसे नवल जी से मैं पहले कभी व्यक्तिगत रूप से मिला न था लेकिन मेरा उनके बारे में अब तक का ‘संचित ज्ञान’ था कि वे गुस्सैल हैं और बातचीत में अक्सर उग्र हो जाया करते हैं। शायद हंस कुमार पाण्डेय से कभी सुन रखा था कि ‘नयी पीढ़ी’ पत्रिका के नरेन्द्र से बात करते हुए वे काफी उत्तेजित हो गये थे। इसलिए मैं जाने से परहेज कर रहा था। अंततः मै गया। वर्ग में नवल जी आए। ‘निराला स्पेशल’ में तीन ही छात्र थे, इसलिए मुझ चौथे को ‘ट्रेस’ अथवा ‘लोकेट’ करते उन्हें तनिक देर न लगी। उन्हांने बैठते ही शक की निगाहों से मुझे देखा और पूछा ‘ये महाशय कौन हैं ?’ अमरेन्दु जी ने बताया कि आप राजू रंजन प्रसाद हैं और इतिहास, एम. ए. में दाखिला लेनेवाले हैं। लिखने-पढ़ने में भी रुचि है और फिलहाल आपको सुनने आए हैं। मेरा नाम सुनना था कि उनके रंग-तेवर बदल गये। लगा जैसे कोई 'अशुभ' सपना देख लिया हो! उनका धैर्य टूट चुका था। बोले, ‘आपही ने जनशक्ति में लेख लिखा है ?’ मैंने ‘जी हाँ’ कहा। फिर क्या था। वे टेपरिकार्डर की तरह चालू हो गये-‘मैंने तो समझा था कि आप कोई बुजुर्ग होंगे लेकिन आपको तो अभी कलम पकड़ने तक की भी तमीज नहीं है। टोह लेते हुए बोले, ‘आप यहाँ किन-किन लोगों से मिलते-जुलते हैं ? खगेन्द्र ठाकुर को जानते हैं आप ?’ ‘केवल नाम से जानता हूँ। व्यक्तिगत रूप से मिला नहीं हूं’-मैंने कहा। ‘क्या आप एम. एल. (माले) में हैं ?’ ‘नहीं तो’ मेरा स्पष्ट जवाब था। कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने पुनः पूछा ‘तो फिर आप किसके साथ उठते-बैठते, मिलते-जुलते हैं ?’ उत्तर में मैंने रामशरण शर्मा का नाम लिया था। सही है कि उन दिनों मैं उनके पास आया-जाया करता था। कई बार अमरेन्दु जी भी साथ होते। उन दिनों की शर्मा जी के साथ हमलोगों की तीन-चार तस्वीरें भी हैं। जनशक्ति में मेरे उक्त लेख का यह असर भी हुआ कि नवल जी ने उसमें लिखना बंद कर दिया। शायद हमेशा के लिए।

'जनशक्ति' के बाद 'हिन्दुस्तान' का दौर आरंभ होता है। दरअसल उन दिनों मैं सुलभ जी के नियमित संपर्क में बना रहता था। एक दिन उन्होंने 'हिन्दुस्तान' के नागेन्द्र जी से मिलाया। वे स्वभाव से उदार और मिलनसार थे। नागेन्द्र मुझसे सांस्कृतिक घटनाओं की रिपोर्टिंग कराने लगे। मुझे भी अच्छा लगने लगा। गोष्ठियों में तो जाया ही करता था अब उसकी रिपोर्टिंग कर देने से कुछ पैसे भी मिलने लगे थे। एक छात्र को इससे ज्यादा भला और क्या चाहिए था ! मैं काफी खुश था। इन्हीं दिनों प्रगतिशील लेखक संघ, पटना ने एक गोष्ठी आयोजित की जिसका विषय था ‘मार्क्सवादी इतिहास लेखन के अतिरेक।’ इसके मुख्य वक्ता राम शरण शर्मा थे। अपूर्वानंद के आग्रह पर मेरे बड़े भाई अखिलेश कुमार ने भी अपने विचार रखे। और फिर मुझे भी कुछ कुछ बोलने का मौका मिला था। कुल मिलाकर इस गोष्ठी में तीन ही वक्ता थे। मैंने जो रिपोर्टिंग की थी या जो छपी उसमें उक्त तीनों नाम थे। इस रपट से नवल जी खासे नाराज हुए थे। उन्होंने मुझ पर भाई-भतीजावाद करने का आरोप भी लगाया था। सफाई में मैंने नवल जी को इतना ही कहा था कि ‘मैंने तथ्य की रिपोर्टिंग की है। तीन वक्ता थे और तीनों के नाम दर्ज हैं, इसलिए कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है।’ वे मुझसे असंतुष्ट थे ही इसलिए हिन्दुस्तान के संपादक को मेरी भर्त्सना (लगभग गाली) करते हुए संपादक को पत्र तक लिख डाला।

1985 में प्रगतिशील लेखक संघ, पटना की ओर से 'धारा' नाम से एक बुलेटिन जारी हुई थी जिसमें अपूर्वानंद जी का चर्चित और विवादास्पद लेख 'नागार्जुन की राजनीति' छापा गया था। कहने की जरुरत नहीं कि इस लेख में नागार्जुन को सोवियत-विरोधी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का विरोधी साबित किया गया था। बौद्धिक जगत में इस लेख को लेकर काफी प्रतिक्रिया हुई थी। 

खगेन्द्र ठाकुर ने उसके लेखक और भूमिका लेखक (बाद में ससुर-दामाद) दोनों को निजी तौर पर बता दिया था कि यह लेख उचित नहीं है। बिहार प्रगतिशील लेखक संघ ने भी अपने को उससे अलग बताया। इस विवाद में भीष्म साहनी जी ने एक पत्र लिखा और स्पष्ट कहा कि लेखक को लिखने की आजादी है, लेकिन उसे प्रगतिशील लेखक संघ से नहीं छापना चाहिए था। (देखें, खगेन्द्र ठाकुर, प्रगतिशील आंदोलन के इतिहास-पुरुष, वाणी प्रकाशन, पृष्ठ 92)

उसके कुछ दिनों के बाद जमशेदपुर में प्रगतिशील लेखक संघ का राज्य सम्मेलन हुआ। नामवर जी उद्घाटन करने पहुंचे थे। जब नामवर जी जमशेदपुर पहुँच गये, तो उनसे मिलने खगेन्द्र ठाकुर होटल में गये। मिलते ही उन्होंने पूछा, 'खगेन जी यह सब क्या हो रहा है?' खगेन्द्र जी ने पहले समझा नहीं, इसलिए पूछा, क्या हो रहा है? अरे यह 'नागार्जुन की राजनीति' का मामला! "ओह, वह, मैंने भी छपने पर उसे देखा और पढ़ा।" "ऐसा है?" खगेन्द्र जी ने कहा, "जी हां"। वे बोले, "समझ गया"। नामवर जी को अध्यक्षीय भाषण करना था। उन्होंने समकालीन कविता और उसके मूल्यांकन की समस्या पर बोलते हुए उग्र स्वर में कहा, "आज नागार्जुन की राजनीति पर संदेह किया जा रहा है, उन पर प्रश्न उठाया जा रहा है। मुझे भी कुछ लोगों ने पिछले बीस-पच्चीस वर्षों से संशोधनवादी घोषित कर रखा है। लेकिन मैं जो काम तब कर रहा था, वही आज भी कर रहा हूँ। कुछ लोग लगे हैं प्रगतिशील लेखक संघ को झाड़ू से बुहारकर साफ कर देने को, गोया यह लेखक संघ न हुआ मेहतरों का संघ हो गया। ...हमारे बीच कुछ लोग हैं जिनके हाथ में खून की प्यासी तलवार है, उन्हें जब दुश्मन नहीं मिलता तो अपने घर में ही तलवार भांजने लगते हैं।" (देखें, खगेन्द्र ठाकुर, प्रगतिशील आंदोलन के इतिहास-पुरुष, वाणी प्रकाशन, पृष्ठ 116-17) 

अपनी 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नवल जी ने विस्तार से बताया कि एक दौर में पार्टी के साथ बाबा नागार्जुन के तीखे अनबन के कारण प्रगतिशील लेखक संघ के खिलाफ एक पुस्तिका लिखने के लिए उन्हें उकसाया गया था। उन्होंने अपनी भूमिका के साथ बाबा के खिलाफ एक पुस्तिका अपूर्वानंद से लिखवाई। पुस्तिका छपने के बाद खगेन्द्र जी, अरुण कमल ने तो इसके पीछे अपना हाथ होने से इंकार कर दिया और उस पुस्तिका को लेकर चारों तरफ से हो रही तीव्र निंदा के चलते अपूर्वानंद तथा उन पर प्रलेस से निकालने की कार्रवाई हो गई। बाबा तो ऐसे बमके कि एकदम से राजकमल प्रकाशन की संचालिका शीला संधु के यहाँ जा धमके। शीला जी से उन्होंने दो टूक शब्दों में 'आलोचना' से नवल और नामवर दोनों को तत्काल निकालने की बात कही। शीला जी ने नवल जी को तो निकाल दिया लेकिन नामवर जी को निकालना उनके बूते की बात नहीं थी। परंतु बाबा अपनी जिद पर डटे रहे। फलतः नामवर जी को निकालने की जगह शीला जी को 'आलोचना' के प्रकाशन को ही कुछ समय के लिए स्थगित कर देना पड़ा। (सुमन्त, 'जनशक्ति', पटना, 10-16 फरवरी, 2013)